नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पटना रवाना हो रहे खिलाड़ियों से औरंगाबाद के विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने खेल मैदान, खेल सामग्री (इक्विपमेंट) तथा अन्य खेल संबंधी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा।
विधायक ने खिलाड़ियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि खेल मैदान एवं आवश्यक खेल सामग्री की व्यवस्था के लिए जल्द से जल्द प्रयास किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे राज्य एवं अंतरराज्यीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर औरंगाबाद जिले का नाम रोशन करें। साथ ही खिलाड़ियों को पूरी मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
यह मुलाकात एथलेटिक्स कोच कृष्ण बल्लभ सिंह एवं कोच अमृत प्रकाश के प्रयास से आयोजित की गई। दोनों कोच खिलाड़ियों को उनकी खेल संबंधी समस्याओं से अवगत कराने के लिए विधायक से मिलने लेकर पहुंचे थे।
मौके पर एथलेटिक्स खिलाड़ी आयुष कुमार, युवराज, परिधि, परिधि सिंह, अनुप्रिया, माही, हर्ष, अभिषेक सहित अन्य खिलाड़ी उपस्थित रहे। वहीं कोच अंकित एवं शारीरिक शिक्षक रवि शंकर भी मौजूद थे। खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी समस्याओं और सुझावों को विधायक के समक्ष रखा, जिस पर विधायक ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया तथा सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
अंत में खिलाड़ियों ने विधायक का आभार व्यक्त किया और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया।