नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। दाउदनगर-बारुण मुख्य मार्ग पर तेजपुरा लख के समीप रविवार को कार और टेम्पो के बीच हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतकों की पहचान भटउलिया गांव निवासी मुकुल पासवान और उमेश पासवान के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। बताया जाता है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पो में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की भी सूचना है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी संकेतक लगाने तथा नियमित यातायात निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।