छापेमारी के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में मचा हड़कंप
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम अपराधियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। मनीचक मोहल्ले में छापेमारी करने पहुंची पुलिस पर की गई गोलीबारी में मसौढ़ी थाना के प्रभारी इंचार्ज राहुल कुमार और दारोगा संजय कुमार घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि मनीचक मोहल्ले के तालाब घाट के पास कुछ अपराधी एक युवक के साथ हथियार के बल पर मारपीट कर रहे हैं और उसकी हत्या की साजिश रच रहे हैं। सूचना मिलते ही मसौढ़ी थाना की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
बताया जाता है कि पुलिस को देखते ही अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में थाना प्रभारी इंचार्ज राहुल कुमार के पैर में गोली लग गई, जबकि दारोगा संजय कुमार के हाथ में गोली लगी। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
दारोगा संजय कुमार का इलाज अनुमंडल अस्पताल मसौढ़ी में चल रहा है, जबकि थाना प्रभारी राहुल कुमार की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ अपराधी एक मारुति-800 वाहन से एक युवक को जबरन उठाकर मनीचक तालाब घाट के पास लाए थे और उसके साथ मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम के पहुंचते ही अपराधियों ने उन पर हमला बोल दिया।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस और अपराधियों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई। हालांकि अभी तक किसी अपराधी के घायल या गिरफ्तार होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पटना ग्रामीण के डीएसपी कन्हैया कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मनीचक तालाब घाट और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
दिनदहाड़े पुलिस टीम पर हुए इस हमले ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।