नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन करने से वंचित रह गए छात्र छात्राओं को एक अवसर मिला है। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (पीएमएस) पोर्टल दोबारा खोलने का निर्णय लिया है। इसके तहत 12 नवंबर से 30 नवंबर तक विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इस पहल से जिले के उन विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, जिनका नामांकन देर से हुआ था या समय पर परीक्षाफल घोषित नहीं होने के कारण वे आवेदन नहीं कर सके थे। शिक्षा विभाग के अनुसार, प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति के लिए पहले 15 जुलाई से 30 सितंबर 26 तक आवेदन की प्रक्रिया निर्धारित थी।
हालांकि, शैक्षणिक संस्थानों में विलंब से नामांकन, परीक्षाफल जारी होने में देरी और अन्य कारणों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी आवेदन नहीं कर सके। ऐसे विद्यार्थियों को अवसर देने के लिए पोर्टल फिर से खोला जा रहा है। आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है। इस प्रक्रिया के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अति पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं।