ड्यूटी पर जाते समय ट्रैक्टर की टक्कर से हुई दर्दनाक घटना
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के ओबरा प्रखंड में कार्यपालक सहायक के पद पर कार्यरत भगवान बीघा निवासी 35 वर्षीय रंजीत कुमार की बुधवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा दाउदनगर थाना क्षेत्र के पिराही बाग के समीप उस समय हुआ, जब वे बुलेट मोटरसाइकिल से अपने कार्यालय ड्यूटी पर जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रंजीत कुमार प्रतिदिन की तरह सुबह बुलेट मोटरसाइकिल से ओबरा प्रखंड कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान पिराही बाग के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें दाउदनगर स्थित अमेज हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं ओबरा प्रखंड कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच भी शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक रंजीत कुमार अपने व्यवहार और कार्यकुशलता के लिए प्रखंड कार्यालय में काफी लोकप्रिय थे। उनके असामयिक निधन से सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर किया है।