विधि-विधान से हुआ प्रतिमा विसर्जन, शोभायात्रा में बड़ी संख्या में शामिल हुए चित्रांश समाज के लोग
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर के कर्मा रोड स्थित चित्रगुप्त सभागार सह लोकनायक जयप्रकाश नारायण सांस्कृतिक भवन में ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस की जिला इकाई की ओर से आयोजित चित्रगुप्त पूजा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के बीच संपन्न हो गया। पूजा महोत्सव के समापन पर भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा का विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान चित्रांश समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में चित्रांशों ने विसर्जन कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भक्तिमय माहौल में भगवान चित्रगुप्त को विदाई दी।
जीकेसी के अध्यक्ष कमल किशोर ने बताया कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान चित्रगुप्त से परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा आपसी प्रेम और भाईचारे की कामना की। आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता, शिक्षा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।