चार युवकों के घर से निकलने के बाद लापता होने की सूचना से बढ़ी पुलिस की चिंता, चोरी के सामान या पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद की चर्चा
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। पटना जिले के मोकामा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहपुर हाल्ट के समीप गुरुवार को एक निर्जन कुएं से दो युवकों के शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान बरहपुर निवासी सोनू कुमार (18 वर्ष), पिता हरिलाल बिंद और रजनीश कुमार (15 वर्ष), पिता रामप्रवेश बिंद के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह बरहपुर पंचायत के चार युवक घर से निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में जुट गए। इसी बीच गांव की एक बुजुर्ग महिला ने कथित तौर पर कुछ युवकों के बीच मारपीट होते और दो युवकों को कुएं में फेंके जाते देखा। महिला से जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने कुएं में शव होने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कुएं से दो शवों को बाहर निकाला गया। कुएं में अन्य शव होने की आशंका को देखते हुए पंपिंग सेट लगाकर पानी निकाला गया और तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, तलाशी के दौरान केवल दो ही शव बरामद हुए।
घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि बरहपुर हाल्ट के समीप चार युवकों के बीच कथित तौर पर चोरी के सामान या पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद में दो युवकों की हत्या कर उनके शव कुएं में फेंक दिए गए। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस कथित विवाद या हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना ग्रामीण एसपी कोमल मीणा, बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्ण समेत पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतकों के परिजनों एवं ग्रामीणों से जानकारी ली। एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए।
एसडीपीओ रामकृष्ण ने बताया कि कुएं से दो शव बरामद किए गए हैं। किसी अन्य शव की आशंका को दूर करने के लिए कुएं का पानी निकलवाकर पूरी तलाशी कराई गई है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। कुछ महत्वपूर्ण इनपुट मिले हैं, जिसके आधार पर छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवकों की हत्या किन परिस्थितियों में हुई और इस वारदात में कौन-कौन शामिल हैं। घटना के बाद बरहपुर गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।