नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। NH-139 पर गुरुवार सुबह एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना ओबरा थाना क्षेत्र के कारा मोड़, अतरौली के समीप हुई। हादसे के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह तेज रफ्तार हाईवा और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन में ही फंस गया।
दुर्घटना में ट्रक चालक अजय कुमार (25 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वह झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डाहा गांव का निवासी था। वहीं ट्रक का खलासी संचित कुमार (28 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। वह भी डाहा गांव का ही रहने वाला है।
हादसे में हाईवा चालक मनोज कुमार यादव, निवासी छतरपुर, जिला पलामू (झारखंड) भी घायल हो गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार, अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार तथा एसआई सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य चलाया तथा क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। अजय कुमार की मौत की खबर मिलते ही उनके गांव डाहा में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गौरतलब है कि NH-139 पर लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित गति से वाहन चलाने की अपील की है।