– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ राष्ट्र विरोधी शक्तियों के एकजुट होने का लगाया आरोप, जेपीएससी परीक्षा की जांच पर भी उठाए सवाल
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गिरिडीह। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू शनिवार को गिरिडीह पहुंचे। यहां महानगर जिला अध्यक्ष रणजीत राय और ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र वर्मा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश मंत्री शालिनी वैश्खयार, चुनुकांत, दिनेश यादव और विनय सिंह सहित कई पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। गिरिडीह पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत में आदित्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन, जेपीएससी परीक्षा और गिरिडीह उपचुनाव को लेकर अपनी बात रखी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ राष्ट्र विरोधी शक्तियां एकजुट हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह बात पच नहीं रही है कि एक गरीब का बेटा देश का प्रधानमंत्री कैसे बन गया। दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी राष्ट्र विरोधी शक्तियां एकजुट होकर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही हैं। गिरिडीह उपचुनाव को लेकर आदित्य साहू ने भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने दिवंगत नगर विकास मंत्री पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विकास के नाम पर लोगों को गंदा पानी पीने के लिए मजबूर किया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता विकास के मुद्दों को लेकर अपना निर्णय लेगी और चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में आएगा।
जेपीएससी परीक्षा के मुद्दे पर प्रदेश अध्यक्ष ने एक बार फिर जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की जांच में लीपापोती की जा रही है। कांग्रेस और झामुमो पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि एक ओर दिल्ली में प्रदर्शन किया जाता है, वहीं दूसरी ओर गिरिडीह में छात्रों के साथ मारपीट की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो के लोग छात्रों को पीट रहे हैं।आदित्य साहू के इन बयानों के बाद गिरिडीह की राजनीतिक सरगर्मी तेज होने के संकेत हैं। उपचुनाव के मद्देनजर भाजपा ने विकास, पेयजल और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है।