सीएसबीसी के अध्यक्ष ने की डीएम अभिलाषा शर्मा की कार्यकुशलता की सराहना, प्रशस्ति पत्र भेजकर दी बधाई
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार के अध्यक्ष एवं भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी जितेंद्र कुमार ने औरंगाबाद की जिला पदाधिकारी सह परीक्षा समन्वयक अभिलाषा शर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रेषित कर उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक नेतृत्व एवं कार्यकुशलता की सराहना की है।
अपने पत्र में अध्यक्ष ने 14 जून 2026 से 28 जून 2026 के बीच केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा आयोजित विभिन्न लिखित भर्ती परीक्षाओं के सफल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, कदाचारमुक्त एवं त्रुटिरहित संचालन के लिए जिला प्रशासन, औरंगाबाद के प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की है। उन्होंने विशेष रूप से जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा जिला दंडाधिकारी-सह-परीक्षा समन्वयक के रूप में किए गए व्यक्तिगत नेतृत्व, सूक्ष्म योजना, प्रभावी क्रियान्वयन तथा सतत मॉनिटरिंग को इस सफलता का प्रमुख आधार बताया है।

अध्यक्ष ने अपने संदेश में कहा है कि वर्तमान समय में बड़े पैमाने पर परीक्षाओं का निष्पक्ष एवं व्यवस्थित आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी चुनौती बन चुका है। ऐसे समय में औरंगाबाद में परीक्षाओं का सफल, सुचारु एवं कदाचारमुक्त संचालन जिला पदाधिकारी की प्रशासनिक दक्षता, संवेदनशील आयोजनों के कुशल प्रबंधन तथा उनके नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि परीक्षा अवधि के दौरान प्रशासनिक, सुरक्षा एवं लॉजिस्टिक व्यवस्थाएँ अत्यंत उच्च स्तर की रहीं। यह सफलता जिला पदाधिकारी की सावधानीपूर्वक बनाई गई कार्ययोजना, प्रभावी समन्वय, सतत निगरानी तथा पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
अपने पत्र में जितेंद्र कुमार ने जिला पदाधिकारी से अनुरोध किया है कि वे परीक्षा संचालन में योगदान देने वाले सभी प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों तक उनकी ओर से शुभकामनाएँ एवं बधाई अवश्य पहुँचाएँ।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद ने इस प्रशंसा को संपूर्ण प्रशासनिक एवं पुलिस टीम के सामूहिक समर्पण, अनुशासन और प्रतिबद्धता का सम्मान बताते हुए भविष्य में भी सभी महत्वपूर्ण दायित्वों के सफल निर्वहन हेतु इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया है।