चार घंटे तक एनएच-22 जाम
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-22) पर मसौढ़ी थाना क्षेत्र के तिनेरी गोपालपुर के समीप बुधवार सुबह सड़क पर गिरे बालू के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक फिसलने के बाद पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 64 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने करीब चार घंटे तक एनएच-22 को जाम कर प्रदर्शन किया।
मृतका की पहचान जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र अंतर्गत टरवां गांव निवासी कुंती देवी (64), पति सुरेंद्र प्रसाद, के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि कुंती देवी अपने दामाद अरुण और पांच वर्षीय बच्चे के साथ बाइक से इलाज कराकर जहानाबाद से अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही बाइक तिनेरी गोपालपुर के पास पहुंची, सड़क पर बिखरे बालू के कारण उसका पिछला पहिया फिसल गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और पीछे से आ रहे ट्रक ने कुंती देवी को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मसौढ़ी थाना पुलिस, अंचलाधिकारी प्रभात रंजन, बीडीओ तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर बालू गिराने वाले ट्रकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद लगभग चार घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।
मसौढ़ी अंचलाधिकारी प्रभात रंजन ने बताया कि सड़क पर बालू गिराने वाले वाहनों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दोषी ट्रांसपोर्टरों और ओवरलोडिंग करने वाले ट्रकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-22 पर बालू लदे वाहनों से आए दिन सड़क पर बालू गिरता रहता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से नियमित निगरानी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।