देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, बाइक, मोबाइल और संगठन के तीन पर्चे बरामद; ठेकेदारों से लेवी मांगने का आरोप
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
खूंटी। खूंटी पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के नाम पर लेवी मांगने वाले दो आरोपितों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रनिया थाना क्षेत्र के केलो गांव निवासी संजू मांझी (24) और अंकुश बागे उर्फ डोन्डो (24) के रूप में हुई है। इनके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक बाइक, मोबाइल फोन और पीएलएफआई के तीन पर्चे बरामद किए गए हैं।
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि तपकरा थाना क्षेत्र के कमड़ा मोड़ स्थित आवासीय विद्यालय और पश्चिम सिंहभूम के आनंदपुर थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदारों एवं व्यवसायियों से पीएलएफआई के नाम पर लेवी मांगी गई थी। सूचना के आधार पर खूंटी पुलिस ने छापेमारी अभियान शुरू किया।

21 नवंबर को गुप्त सूचना मिली कि तीन व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक से केलो से रनिया की ओर आ रहे हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर दो आरोपितों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने तपकरा और आनंदपुर थाना में दर्ज लेवी मांगने के मामलों में संलिप्तता स्वीकार की है। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस संबंध में रनिया थाना में कांड संख्या 39/26 दर्ज किया गया है।