बेताब अहमद
पटना/डेहरी ऑन सोन। राजद नेता गुड्डू चंद्रवंशी के दोनों बेटों अरविंद और मनीष का विवाह समारोह महज एक पारिवारिक उत्सव न रहकर अब शाहाबाद क्षेत्र की राजनीति में चर्चा का केंद्र बन गया है। राजनीति की व्यस्तताओं से दूर राजद नेता गुड्डू चंद्रवंशी इन दिनों पिता के फर्ज और पारिवारिक खुशियों को संजोने में व्यस्त हैं। अपने दोनों बेटों अरविंद और मनीष के विवाह को जीवन का सबसे यादगार पल बनाने की चाह में वे हर खास व्यक्ति को इस खुशी का हिस्सा बना रहे हैं। इसी आत्मीय सिलसिले में उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मुलाकात कर उन्हें सपरिवार आशीर्वाद देने के लिए आमंत्रित किया। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को निमंत्रण देकर उन्होंने इस पारिवारिक समारोह को एक बड़े राजनीतिक जुटान का रूप देने के संकेत दे दिए हैं। इस मुलाकात के बाद क्षेत्र में इस शाही शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस मांगलिक उत्सव को क्षेत्र के सबसे चर्चित और भव्य आयोजनों में शुमार करने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए गुड्डू चंद्रवंशी और उनके पूरे परिवार को इस मांगलिक अवसर की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि “पार्टी के समर्पित साथियों के पारिवारिक खुशियों में शामिल होना हमारे लिए अपनों से जुड़ने का अवसर होता है।” उन्होंने दोनों नवदंपतियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गुड्डू चद्रवंशी ने कहा कि मेरे जीवन के सबसे सुखद क्षणों में से एक, मेरे दोनों बेटों अरविंद और मनीष के शुभ विवाह का मांगलिक अवसर नजदीक है। एक पिता के रूप में मेरी हार्दिक इच्छा है कि यह पावन अवसर परिवार और शुभचिंतकों के स्नेह से अविस्मरणीय बने। इस अवसर पर गुड्डू चंद्रवंशी ने कहा कि “एक पिता के लिए बच्चों का विवाह जीवन का सबसे बड़ा उत्सव होता है। मेरी कोशिश है कि क्षेत्रवासियों, मित्रों और शीर्ष नेतृत्व के आशीर्वाद से यह आयोजन यादगार बने। आदरणीय तेजस्वी यादव जी को सपरिवार समारोह में शामिल होकर बच्चों को आशीर्वाद देने का आग्रह किया है, जिस पर उन्होंने अपनी शुभकामनाएं दी हैं। उनका स्नेह और मार्गदर्शन सदैव हमारी ताकत रहा है। आप सभी क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों का आशीर्वाद भी प्रार्थनीय है। उनकी कोशिश है कि इस मांगलिक अवसर पर गांव-जवार के बुजुर्गों, युवाओं और समाज के हर तबके के लोगों का आशीर्वाद नवदंपति को मिले।
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात के गहरे मायने निकाले जा रहे हैं। डेहरी और आसपास के क्षेत्रों में चंद्रवंशी समाज अति-पिछड़ा वर्ग की मजबूत उपस्थिति को देखते हुए, गुड्डू चंद्रवंशी के पारिवारिक कार्यक्रम में शीर्ष नेतृत्व की संभावित मौजूदगी को राजद के सामाजिक समीकरण साधने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। इस मुलाकात ने न केवल पार्टी के भीतर चंद्रवंशी की मजबूत पकड़ को दर्शाया है, बल्कि आगामी सियासी गतिविधियों से पहले कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने का संकेत भी दिया है।