नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। जिले के बोधगया थाना क्षेत्र में डोभी–पटना फोरलेन पर हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना बोधगया थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव के समीप रात करीब 1:30 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि खाद से लदा एक दस चक्का ट्रक सर्विस लेन से विपरीत दिशा में फोरलेन पर चढ़ रहा था। उसी दौरान डोभी से पटना की ओर तेज रफ्तार से जा रही एक कार अनियंत्रित होकर ट्रक के दाहिने हिस्से में बने डीजल टैंक से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का डीजल टैंक फट गया और देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग लग गई। कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार में सवार दो लोग बाहर निकलने का मौका नहीं पा सके और जिंदा जल गए। चालक किसी तरह बाहर निकाला गया, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। आग की लपटों में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को कार से कुछ खाली शराब की बोतलें भी मिली हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह एवं एएसआई नीरज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गुरुवार सुबह जेसीबी और क्रेन की सहायता से जले हुए वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों और घायल चालक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है तथा फरार ट्रक चालक और खलासी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण ट्रक का गलत दिशा से फोरलेन पर चढ़ना माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।