नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। वैशाली पुलिस ने गोरौल थाना क्षेत्र के कटरमाला गांव में गुरुवार देर रात हुए मजदूर हत्याकांड का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी ठेकेदार आशुतोष को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा भी बरामद कर लिया है। पुलिस का दावा है कि ठेकेदार की पत्नी और मृतक के बीच कथित अवैध संबंध तथा मजदूरी के बकाया भुगतान को लेकर चल रहा विवाद हत्या की मुख्य वजह बना।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि मृतक अमित पिछले कई वर्षों से आरोपी आशुतोष के यहां मजदूरी करता था। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी की पत्नी और अमित के बीच कथित अवैध संबंध थे। इस संबंध से जुड़े कुछ फोटो और वीडियो मृतक के मोबाइल फोन में मौजूद थे, जिन्हें आरोपी आशुतोष ने देख लिया था। इसके बाद उसने अमित को मिलने के बहाने बुलाया और नजदीक से उसके सिर में गोली मार दी। गंभीर चोट लगने के कारण अमित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
एसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित जांच शुरू की। पूछताछ और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद मुख्य आरोपी आशुतोष को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा भी बरामद कर लिया गया है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने भी आशुतोष पर हत्या का आरोप लगाया था। परिजनों का कहना था कि अमित पिछले करीब पांच वर्षों से आरोपी के यहां मजदूरी कर रहा था, लेकिन उसे मेहनताना नहीं दिया जा रहा था। बकाया मजदूरी मांगने पर विवाद बढ़ गया और इसी रंजिश में उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने कहा कि मामले की जांच तेजी से पूरी की जा रही है। एक सप्ताह के भीतर न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि फास्ट ट्रैक कोर्ट में शीघ्र सुनवाई हो सके। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को जल्द सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या की साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं।