नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। धनरूआ थाना क्षेत्र के गुलरिया बीघा गांव में रविवार को एक नवविवाहिता का शव उसके ससुराल से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान पूजा कुमारी, पति रवि रंजन कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, पूजा कुमारी की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व गुलरिया बीघा निवासी अरविंद प्रसाद यादव के पुत्र रवि रंजन कुमार से हुई थी। रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना एवं हत्या का आरोप लगाया।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पूजा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था तथा इसी के कारण उसकी हत्या की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कन्हैया कुमार सिंह एवं धनरूआ थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान शव पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए गए, जिसके बाद वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया।
एसडीपीओ कन्हैया कुमार सिंह ने बताया कि गुलरिया बीघा गांव में एक महिला की मौत की सूचना प्राप्त हुई थी। मामले की बिंदुवार जांच की जा रही है। मृतका के परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।