जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला केंद्रीय सहकारी बैंक, औरंगाबाद की वार्षिक आम सभा आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में सम्राट अशोक कन्वेंशन हॉल, औरंगाबाद में जिला केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड, औरंगाबाद की वार्षिक आम सभा आयोजित की गई।
वार्षिक आम सभा में बैंक के वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों, सहकारी समितियों की भूमिका तथा किसानों एवं अंशधारकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
आम सभा में गत आम सभा की कार्यवाही एवं निदेशक मंडल के प्रस्तावों की संपुष्टि, वित्तीय वर्ष 2025-26 के वित्तीय चिट्ठा एवं लाभ-हानि प्रतिवेदन तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट सहित अन्य प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही बैंक की वित्तीय स्थिति, ऋण वितरण एवं वसूली, एनपीए, सदस्य सेवाओं तथा बैंकिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने से संबंधित विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
आम सभा के दौरान बैंक प्रबंधन द्वारा बैंक की वर्तमान कार्यप्रणाली एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा की गई। सहकारी समितियों एवं पैक्स के माध्यम से किसानों को उपलब्ध कराई जा रही वित्तीय एवं अन्य सेवाओं की स्थिति पर भी चर्चा की गई। सदस्यों एवं सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों द्वारा बैंक की सेवाओं को और बेहतर बनाने, किसानों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने तथा सहकारी संस्थाओं के कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाने के संबंध में सुझाव रखे गए।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने सहकारिता को किसानों एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए बैंक एवं सहकारी समितियों को किसानों के हित में प्रभावी ढंग से कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सहकारिता का मूल उद्देश्य ‘सहकार से समृद्धि’ तथा सभी को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। सहकारी संस्थाएँ ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। विशेषकर किसानों, छोटे व्यवसायियों एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग तथा वित्तीय सेवाओं से जोड़ने में सहकारी बैंकों एवं पैक्स की महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिलाधिकारी ने कहा कि औरंगाबाद सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक जिले की सहकारी व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग है। बैंक की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ रखना, ऋण वसूली में सुधार, एनपीए को नियंत्रित करना तथा बैंकिंग सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं आधुनिक बनाना आवश्यक है। उन्होंने सहकारी संस्थाओं के कंप्यूटरीकरण एवं डिजिटलीकरण पर जोर देते हुए किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने, कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
वार्षिक आम सभा के माध्यम से बैंक के आगामी वित्तीय वर्ष की प्राथमिकताओं एवं कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर भी चर्चा की गई। बैंकिंग सेवाओं को सुगम बनाने, सहकारी समितियों की कार्यक्षमता बढ़ाने, किसानों को समय पर ऋण एवं अन्य वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सहकारी व्यवस्था में आधुनिक तकनीक के अधिकाधिक उपयोग पर बल दिया गया। साथ ही बैंक एवं सहकारी समितियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सदस्य हित से जुड़े कार्यों के त्वरित निष्पादन की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर संतोष कुमार सिंह, अध्यक्ष, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक, औरंगाबाद, उपाध्यक्ष श्री राम शर्मा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्वेतांक लाल, जिला सहकारिता पदाधिकारी, राजीव कुमार यादव, जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, प्रबंध निदेशक, निदेशक मंडल के सदस्य एवं सहकारी समितियों के प्रतिनिधि, सभी शाखा प्रबंधक, सहायक निबंधक, सहयोग समितियाँ, औरंगाबाद, जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड सहित संबंधित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।