नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जमशेदपुर। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली हैं। पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ह्यूमपाइप स्थित इंद्रानगर में छापेमारी की। इस कार्रवाई में एक महिला, उसके बेटे और एक विधि-विरुद्ध निरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने मौके से ब्राउन शुगर की 38 पुड़िया, कुल 4.32 ग्राम मादक पदार्थ और 4,820 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार महिला और उसके बेटे के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। सीतारामडेरा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ह्यूमपाइप स्थित इंद्रानगर में भारती कैबर्तो अपने दोनों बेटों के साथ घर से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रही है।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर पर छापेमारी की, जहां से भारती कैबर्तो, उसका पुत्र विशाल कैबर्तो और एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान 38 पुड़िया ब्राउन शुगर, कुल 4.32 ग्राम मादक पदार्थ तथा 4,820 रुपये नकद बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि भारती कैबर्तो पूर्व से ही पेशेवर ड्रग्स पेडलर रही है और परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर मादक पदार्थों की तस्करी करती थी।
उसके खिलाफ सीतारामडेरा, जुगसलाई और सोनारी थाना में एनडीपीएस एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं उसके बेटे विशाल पर भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं।