नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। विधान परिषद के शिक्षक निर्वाचन के लिए धनरुआ प्रखंड में चल रहे मतदान के दौरान एक पोलिंग एजेंट ने बूथ पर कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है। धनरुआ प्रखंड में शिक्षक निर्वाचन के लिए बने मतदान केंद्र पर एक उम्मीदवार के पोलिंग एजेंट शिवम कुमार ने आरोप लगाया है कि मतदान केंद्र के अंदर किसी खास प्रत्याशी के कॉलेज का एक शिक्षक बूथ के अंदर बैठा हुआ है, जो चुनाव आयोग की गाइडलाइन का खुला उल्लंघन है।
पोलिंग एजेंट शिवम कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग ने स्पष्ट तौर पर निर्देश दिया है कि बूथ के अंदर कोई भी सरकारी या गैर-सरकारी कॉलेज के वित्त रहित शिक्षक नहीं बैठेंगे। इसके बावजूद एक शिक्षक अजय कुमार अंदर बैठकर चुनाव को प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बूथ को पूरी तरह से मैनेज कर लिया गया है।
शिवम कुमार ने अनुमंडल पदाधिकारी और चुनाव आयोग से अपील की है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाए। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है और चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।हालांकि इस मामले को लेकर बूथ पर बैठे पीठासीन पदाधिकारी से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। फिलहाल मतदान जारी है, लेकिन इस आरोप के बाद मतदान केंद्र पर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
चुनाव आयोग के गाइडलाइन के अनुसार बुथ के अंदर कोई भी सरकारी गैर सरकारी और कॉलेज के शिक्षक मतदान केंद्र पर नहीं बैठेंगे लेकिन धनरूआ प्रखंड में एक खास उम्मीदवार का शिक्षक बैठा हुआ है जो प्रभावित कर सकता है।