नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
अरवल। जिले में उत्पाद विभाग की हाजत में बंद एक व्यक्ति की मौत के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना को लेकर न्यायिक जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों एवं कर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई गई है।
मृतक की पहचान हैबतपुर निवासी अनिल सिंह उर्फ टुनटुन महतो के रूप में हुई है। भाकपा (माले) के पूर्व विधायक महानंद सिंह ने आरोप लगाया कि हिरासत के दौरान कथित मारपीट तथा समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण अनिल सिंह की मौत हुई। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें बर्खास्त करने की मांग की। साथ ही मृतक के आश्रितों को 10 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की।
घटना के विरोध में ग्रामीणों और भाकपा (माले) कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक महानंद सिंह के नेतृत्व में उत्पाद विभाग कार्यालय का करीब सात घंटे तक घेराव किया। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और वार्ता के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
प्रदर्शन में सुएब आलम उर्फ नेताजी, महेंद्र प्रसाद, सूरदयाल चंद्रवंशी, अशोक यादव, रामकुमार सिन्हा, चंद्रभूषण सिंह, मिथिलेश कुमार सहित भाकपा (माले) के कई नेता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।