नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मेदिनीनगर। पलामू के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बुधवार को चैनपुर स्थित आवासीय बालिका विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक, आवासीय एवं आधारभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं झारखंड सरकार के कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय पिछड़ी जाति आवासीय बालिका विद्यालय का दौरा किया। उन्होंने दोनों विद्यालयों की वार्डनों से छात्राओं की उपस्थिति, भोजन की गुणवत्ता तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिया कि निर्धारित मीनू के अनुरूप पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा शिक्षा एवं अन्य सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने पाए।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में उपायुक्त ने कक्षा 9 की छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। छात्राओं ने बताया कि कक्षा में लगा माइक खराब है तथा एक ही कक्षा में 70 से अधिक छात्राओं के बैठने से पढ़ाई प्रभावित होती है। उन्होंने सेक्शनवार कक्षाएं संचालित करने का अनुरोध किया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को माइक की शीघ्र मरम्मत कराने एवं छात्राओं की संख्या के अनुरूप आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके बाद उपायुक्त ने राजकीय पिछड़ी जाति आवासीय बालिका विद्यालय का भी निरीक्षण कर शैक्षणिक, आवासीय एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर अध्ययन वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को छात्राओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।