पिपरा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार बोले- पढ़ोगे तभी बढ़ोगे, नियमित स्कूल आने और अनुशासन में रहने की दी सीख
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। खाकी की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज में शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देना भी है। इसका उदाहरण शुक्रवार को पुनपुन प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय शेखपुरा में देखने को मिला। यहां पिपरा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार ने विद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया।
विद्यालय में आयोजित विशेष सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थाना प्रभारी ने होनहार छात्र-छात्राओं को प्रकाल बॉक्स, पेन और स्केच पेन देकर पुरस्कृत किया। पुलिस की इस पहल से बच्चों में उत्साह देखने को मिला और स्कूल परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
बच्चों को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी प्रिंस कुमार ने कहा कि शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने और तरक्की का सबसे मजबूत माध्यम है। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे बिना किसी चिंता के मन लगाकर पढ़ाई करें, नियमित रूप से विद्यालय आएं और अनुशासन का पालन करें। उन्होंने बच्चों को माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने की भी सीख दी।
थाना प्रभारी ने शिक्षकों से अपील की कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उनमें नैतिक मूल्यों और अच्छे संस्कारों का विकास भी किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों को सही दिशा देने में शिक्षक और अभिभावक दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
सरकारी विद्यालय के बच्चों को पुलिस पदाधिकारी द्वारा इस तरह सम्मानित किए जाने से अभिभावक और शिक्षक भी काफी उत्साहित नजर आए। विद्यालय परिवार ने थाना प्रभारी की इस पहल की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार जताया।
सम्मानित होकर बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। छात्र-छात्राओं ने भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने तथा अपनी पढ़ाई के प्रति अधिक मेहनत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पिपरा थाना के नीतीश कुमार, पायल कुमारी, भानु प्रिया एवं गोलू कुमार के अलावा विद्यालय के प्रधानाध्यापक सैना कुमार, शिक्षक हरिशंकर, गजेंद्र कुमार, शाहबाज अंसारी, पूनम कुमारी, अलका कुमारी, सिम्मी सिन्हा, अंजुश्री सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।