दो धंधेबाज गिरफ्तार, 85 लीटर देसी महुआ शराब समेत उपकरण बरामद
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मोकामा थाना क्षेत्र के मेकरा ओपी अंतर्गत गंगा दियारा इलाके में पुलिस ने अवैध शराब निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मोर पेट्रोल पंप के उत्तर गंगा नदी के दियारा क्षेत्र में छापेमारी कर कई अवैध शराब की भट्ठियों को ध्वस्त किया। इस दौरान करीब 1000 लीटर अर्धनिर्मित शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
मेकरा ओपी प्रभारी अवनीश कुमार के नेतृत्व में एएसआई नवनीत कुमार की टीम ने दियारा में बनी झोपड़ी में छापेमारी की। पुलिस ने मौके पर अवैध देसी शराब का निर्माण करते दो लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुल्तानपुर वार्ड नंबर-1 निवासी अरविंद बिंद (57) और मोर पूर्वी वार्ड नंबर-5 निवासी अजय सिंह (58) के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से करीब 85 लीटर देसी महुआ शराब, गैस सिलेंडर, चूल्हा समेत शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि गंगा दियारा क्षेत्र में फिलहाल बाढ़ की स्थिति है। इसी का फायदा उठाकर शराब कारोबारी मचान और झोपड़ी बनाकर अवैध शराब का निर्माण कर रहे थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई भट्ठियों को ध्वस्त किया और बड़ी मात्रा में अर्धनिर्मित शराब नष्ट की। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।