नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। नगर थाना क्षेत्र के रतनुआ पेट्रोल पंप के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गुरुवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गये। घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी। मृतकों की पहचान नवादा जिले के पकड़ीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी 48 वर्षीय राजकुमार चौहान, उनके आठ वर्षीय पुत्र रितेश कुमार एवं राजकुमार के ससुर भगवान दास के रूप में हुई है। घायलों में भगवान दास के पुत्र नीतीश चौहान, उनकी बहन और राजकुमार चौहान की पत्नी किरण कुमारी शामिल हैं। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गयाजी रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, राजकुमार चौहान मुंबई में नौकरी करते थे। वह अपनी पत्नी किरण कुमारी और आठ वर्षीय बेटे रितेश के साथ मुंबई से बस पर सवार होकर बनारस पहुंचे थे। वहां से नवादा स्थित अपने गांव जाने के लिए उन्होंने अपने साले नीतीश चौहान और ससुर भगवान दास के साथ स्कॉर्पियो से सफर शुरू किया। परिवार को उम्मीद थी कि कुछ घंटों का सफर तय कर सभी सुरक्षित घर पहुंच जायेंगे, लेकिन औरंगाबाद में हुए हादसे ने उनकी खुशियां मातम में बदल दीं। बताया जाता है कि हादसे में भगवान दास और मासूम रितेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।

हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और टीम में शामिल रंजीत कुमार एवं अभिनंदन ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। कुछ ही देर में नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। घायलों का अस्पताल में इलाज शुरू किया गया, लेकिन राजकुमार चौहान की स्थिति गंभीर बनी रही। आखिरकार इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी। इस घटना से सूचना पर सदर अस्पताल औरंगाबाद पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर पुलिस आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुट गयी है। पुलिस पदाधिकारी के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।