नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। बिहार सरकार के प्रस्तावित विश्वविद्यालय अधिनियम-2026 की विसंगतियों के विरोध में गया कॉलेज, गया के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी 10 अगस्त 2026 को सामूहिक अवकाश का उपयोग करते हुए मगध विश्वविद्यालय मुख्यालय, बोधगया में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान कुलपति को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित अधिनियम की विसंगतियों को दूर करने की मांग की जाएगी।

आंदोलन को सफल बनाने के लिए गया कॉलेज, जे.जे. कॉलेज, ए.एम. कॉलेज एवं जीबीएम कॉलेज, गया के शिक्षकों ने बैठक कर आंदोलन की रणनीति एवं नीतिगत मुद्दों पर चर्चा की। गया कॉलेज शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि समाचार पत्रों में प्रकाशित बिंदुओं एवं अन्य स्रोतों से प्रस्तावित विश्वविद्यालय अधिनियम-2026 में कई गंभीर विसंगतियों की जानकारी सामने आई है।

शिक्षक प्रतिनिधियों के अनुसार, प्रस्तावित अधिनियम में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों की स्वायत्तता प्रभावित होने की आशंका है। अकादमिक, प्रशासनिक एवं वित्तीय नियंत्रण सरकार के हाथों में जाने तथा अंगीभूत डिग्री महाविद्यालयों को विश्वविद्यालयों से अलग कर राज्य सरकार के अधीन किए जाने का प्रावधान शिक्षकों के करियर एवं पठन-पाठन की व्यवस्था को प्रभावित कर सकता है। उनका कहना है कि अधिनियम तैयार करने से पूर्व शिक्षाविदों एवं विशेषज्ञों से पर्याप्त विचार-विमर्श और सलाह लिए जाने की आवश्यकता थी।

शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रस्तावित अधिनियम के विरोध में पूरे बिहार में आंदोलन चल रहा है। मगध विश्वविद्यालय से जुड़े सभी अंगीभूत महाविद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल हैं। 10 अगस्त को सभी कर्मचारी मगध विश्वविद्यालय मुख्यालय, बोधगया पहुंचकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे और कुलपति को ज्ञापन सौंपेंगे।
उन्होंने बताया कि आंदोलन की शुरुआत 5 अगस्त 2026 से हो चुकी है। इसके तहत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी काला रिबन लगाकर अपने नियमित कार्यों का निर्वहन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज करा रहे हैं।
आंदोलन के अगले चरण में 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक विश्वविद्यालय, स्नातकोत्तर विभाग एवं महाविद्यालयों के शिक्षक तथा शिक्षकेत्तर कर्मचारी प्रत्येक कार्य दिवस को अपराह्न 1:30 बजे से 2:00 बजे तक 30 मिनट नारेबाजी कर विरोध जताएंगे।
वहीं, 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रस्तावित विश्वविद्यालय अधिनियम के संबंध में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें विधेयक के प्रावधानों एवं संभावित प्रभावों से अवगत कराया जाएगा।