दिल्ली में नियमों को ताक पर रखकर रातभर आतिशबाजी, बुजुर्गों और बच्चों की सेहत पर भारी पड़ा जश्न
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्सव हमारे उल्लास का प्रतीक होते हैं, लेकिन तब क्या जब हमारा उल्लास किसी अस्पताल के बिस्तर पर बेसुध पड़े मरीज की धड़कन बढ़ा दे? दिल्ली की यह रात हमें यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्या हमारी खुशियों का पैमाना इतना सिमट गया है कि उसे जताने के लिए धमाकों की जरूरत पड़े? दीपावली रोशनी बांटने का पर्व है, घुटन का नहीं। जिस दिन हम यह समझ जाएंगे कि दीप की रोशनी और अपनों की हंसी ही इस त्योहार का मूल सार है, उस दिन न तो प्रशासनिक पाबंदियों की जरूरत पड़ेगी और न ही हवा में जहर घुलेगा।पैसे देकर लोगों ने खुशियां नहीं, बल्कि अपने और दूसरों के लिए मौत का सामान खरीदा।
दिल्ली में दिवाली की रात जिस तरह आतिशबाजी के नाम पर बारूद का तांडव हुआ, उसने सभ्य समाज, कानून व्यवस्था और मानवीय संवेदनाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन को लेकर दिल्ली के अधिकारियों की भूमिका जहां संदिग्ध रही, वहीं सड़कों और गलियों में पटाखे फोड़ने वालों की मनमानी ने प्रशासनिक व्यवस्था की हकीकत भी उजागर कर दी। दशहरा-पूजा के समय से ही दिल्ली के विभिन्न मोहल्लों में सुबह से लेकर देर रात तक बम-पटाखों का शोर सुनाई देता रहा। दिवाली की रात तो मानो पूरी दिल्ली बारूद के हवाले कर दी गई। रातभर ऐसे शक्तिशाली पटाखे और बम फोड़े जाते रहे, मानो भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध छिड़ गया हो। गलियों में धमाकों का ऐसा सिलसिला चला कि बीमारों, छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए चैन से सांस लेना और सो पाना तक मुश्किल हो गया। विडंबना यह रही कि इस मनमानी को रोकने-टोकने वाला कहीं नजर नहीं आया।
बताया गया कि रात एक बजे दिल्ली में प्रदूषण का स्तर 1760 तक पहुंच गया, जो बेहद चिंताजनक और खतरनाक स्थिति का संकेत है। दिवाली की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोग भी भय और प्रदूषण के कारण घरों में दुबके रहने को मजबूर रहे। सवाल यह है कि आखिर किस तरह की खुशी मनाई जा रही थी, जिसकी कीमत हजारों-लाखों लोगों को जहरीली हवा और ध्वनि प्रदूषण के रूप में चुकानी पड़ी? सनातन संस्कृति तो प्रकृति, जीव-जंतु और समस्त प्राणियों के कल्याण का संदेश देती है। भगवान श्रीराम के आगमन की खुशी मनाने का पर्व दीपावली है, न कि दूसरों के जीवन में धुआं, शोर और सांसों का संकट भरने का अवसर। क्या दीप जलाने और खुशियां बांटने के लिए बारूद के धमाकों की जरूरत है? क्या हमारी आस्था इतनी कमजोर हो गई है कि उसका प्रदर्शन दूसरों को कष्ट देकर ही किया जा सकता है?
गोस्वामी तुलसीदास की प्रसिद्ध चौपाई याद आती है जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है। आखिर उत्सव के नाम पर हम अपनी जिम्मेदारियां और दूसरों के जीने के अधिकार को क्यों भूल जाते हैं? दीपावली रोशनी का पर्व है, धुएं और धमाकों का नहीं। असली उत्सव वही है, जिसमें घरों में दीप जलें, चेहरों पर मुस्कान खिले और किसी बीमार की रात बेचैनी में न गुजरे। दूसरों की सांसें छीनकर मनाई गई खुशी उत्सव नहीं, सामाजिक संवेदनहीनता का सबसे बड़ा उदाहरण है।
दीपावली का अर्थ बारूद का शोर नहीं, बल्कि अंधेरे को चीरती हुई एक उम्मीद की रोशनी है। जब अयोध्यावासी प्रभु श्री राम के आगमन पर दीप जलाने निकले थे, तब वहां कोई धुआं नहीं था, बल्कि प्रकाश का उत्सव था। आज जरूरत इस बात की है कि हम उत्सव की परिभाषा को बदलें। आतिशबाजी के चंद मिनटों के रोमांच से कहीं ज्यादा खूबसूरत वह सुकून है, जब हमारे बुजुर्ग चैन से सांस ले सकें और मासूमों की नींद में खलल न पड़े। इस दीपावली, आइए आतिशबाजी से परे जाकर इको-फ्रेंडली दीपों, अपनों के साथ साझा की गई मुस्कानों और प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लें। सच्ची खुशी वह नहीं जो दूसरों से उनकी सांसें छीन ले, बल्कि वह है जो चारों तरफ जीवन और उम्मीद का संचार करे।