नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। प्रदेशभर के पैक्सों में अब डिजिटल और एआई आधारित तकनीकों के जरिए उर्वरक (खाद) की बिक्री और वितरण व्यवस्था होगी। सभी उर्वरक बिक्री केंद्र एग्रीस्टैक डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ेंगे।राज्य सरकार खादों की कालाबाजारी रोकने, सही किसानों तक सब्सिडी का लाभ पहुंचाने और पैक्सों के जरिए वितरण को पारदर्शी बनाने के लिए यह कदम उठाने जा रही है। अब किसान एग्रीस्टैक में अपनी डिजिटल पहचान (फार्मर आईडी) के आधार पर आवश्यक उर्वरक क्रय की अग्रिम बुकिंग करा सकेंगे, ताकि उन्हें जरूरत के हिसाब से समय पर उर्वरक उपलब्ध हो सके।
पैक्स में पर लगे ई-पॉश डिवाइस पर क्यूआर कोड को स्कैन करके ही खाद प्राप्त की जा सकेगी। इससे बिचौलियों और अवैध तस्करी पर पूरी तरह रोक लगेगी। सहकारिता विभाग के मुताबिक, किसानों के जमीन और फसल का सत्यापन भी मोबाइल ऐप के जरिए होगा। ऐप पर खाद प्राप्ति के लिए बुकिंग करते समय किसान को अपनी जमीन का विवरण और फसल की जानकारी देनी होगी। भूमि रिकॉर्ड सत्यापित होने के बाद किसान के मोबाइल पर एक क्यूआर कोड जनरेट होगा। पैक्स या रिटेल दुकान पर लगे ई-पॉश डिवाइस पर इस क्यूआर कोड को स्कैन करके ही खाद प्राप्त की जा सकेगी।
उत्तर बिहार के तिरहुत प्रमंडल में पैक्सों में विशेष सहकारी बिक्री केंद्र खोलने और उर्वरक का थोक कारोबार करने के लिए लाइसेंस देने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इससे किसानों को खाद-बीज के लिए दूर नहीं भटकना पड़ेगा। अधिकारी भी पैक्स (खुदरा) स्तर तक खाद के स्टाक की रीयल-टाइम निगरानी कर सकेंगे। इतना ही नहीं, पैक्सों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए ड्रोन उद्यमी के रूप में तैयार किया जाएगा। पैक्सों के माध्यम से किसान खेतों में लिक्विड (नैनो) यूरिया और कीटनाशकों के छिड़काव के लिए ड्रोन किराये पर ले सकेंगे।