जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर औरंगाबाद अंतर्गत दुग्धेश्वर धाम, देवकुंड, गोह प्रखंड में आज दूसरे सोमवार के दिन 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र में व्यापक एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन एवं पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

श्रावणी मेला के दौरान जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पेयजल, सुरक्षा एवं बैरिकेडिंग, मेडिकल सुविधा, नियंत्रण कक्ष सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल क्षेत्र में SDRF का चलंत बोट भी तैनात किया गया है। मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं संबंधित पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

जिला प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा का लगातार अनुश्रवण किया जा रहा है। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से विभिन्न व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल एवं आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखा गया है।

व्यवस्थाओं के निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, दाउदनगर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, दाउदनगर, बीडीओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे तथा मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्था का पालन करें तथा प्रशासन एवं पुलिस के निर्देशों में सहयोग प्रदान करें, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगम रूप से देवकुंड में दर्शन कर सकें।