3700 तिरंगे तैयार करने का लक्ष्य, तीन जीविका केंद्रों पर युद्धस्तर पर चल रहा काम
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। स्वतंत्रता दिवस 2026 और ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 9 से 17 अगस्त तक चल रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में मसौढ़ी की जीविका दीदियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। अनुमंडल पदाधिकारी धनराज कुमार के निर्देश पर जीविका समूहों से जुड़ी महिलाएं राष्ट्रीय ध्वज तैयार करने में जुटी हैं।
जीविका दीदियां पूरे उत्साह और समर्पण के साथ सामूहिक रूप से तिरंगे की कटाई और सिलाई का कार्य कर रही हैं। राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मसौढ़ी प्रखंड में कुल 3700 राष्ट्रीय ध्वज तैयार किए जा रहे हैं।
प्रखंड जीविकोपार्जन पदाधिकारी दिग्विजय नारायण समदर्शी ने बताया कि प्रखंड के तीन जीविका केंद्रों पर युद्धस्तर पर तिरंगे तैयार किए जा रहे हैं। महिलाओं को तिरंगा निर्माण के साथ-साथ उसकी गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों की भी जानकारी दी जा रही है।
जीविका दीदियों का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व के लिए तिरंगा तैयार करना उनके लिए महज रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि गौरव और सम्मान का विषय है। उनके हाथों से तैयार प्रत्येक तिरंगा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घर-घर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाएगा।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर मिलने के साथ राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी भी बढ़ रही है। जिलाधिकारी के निर्देश पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखकर जनभागीदारी के व्यापक अभियान का रूप देने की तैयारी की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से 12 अगस्त तक अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक फहराने की अपील की है। अभियान के तहत प्रखंड में आगामी 12 अगस्त को तिरंगा यात्रा का भी आयोजन किया जाएगा।