नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
लातेहार। स्वतंत्रता दिवस के उत्सव के बीच शनिवार को लातेहार जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चंदवा थाना क्षेत्र के लुकूइया-चांपी-लोहरदगा पथ स्थित डेढ़टंगवा घाटी में यात्रियों से भरे ऑटो को एक कंटेनर ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत होने की सूचना है।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों की सूचना पर चंदवा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना की सूचना मिलते ही चंदवा थाना प्रभारी मनोरंजन प्रसाद सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर कैंप कर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। वहीं, उपायुक्त के निर्देश पर सीओ सुमित कुमार झा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।