नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार सरकार राज्य के कानून व्यवस्था ट्रैफिक और नक्सली गतिविधियों पर पूरी तरह से रोकथाम के लिए 50 नए ड्रोन की खरीद करेगी। ये ड्रोन शादी ब्याह में दिखने वाले साधारण ड्रोन नहीं होंगे। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक ड्रोन की कीमत एक दो लाख रुपये नहीं बल्कि पूरे 49 लाख रुपये होगी। इस बड़ी खरीद को लेकर बिहार की सम्राट चौधरी सरकार ने मंजूरी भी दे दी है।
जिस तरह से राज्य में ट्रैफिक की समस्याएं आ रही हैं, साथ ही साथ कानून व्यवस्था को लेकर रोज नए-नए खामियां उजागर हो रही हैं। इसके बाद राज्य सरकार ने इस खरीद को मंजूरी दी है। इन 49 लाख रुपये वाले हाईटेक ड्रोन के माध्यम से कानून व्यवस्था को मजबूत करना मकसद है। इससे सुदूर इलाकों में ड्रोन के माध्यम से निगरानी करना आसान हो जाएगा। तस्वीरें एकदम साफ मिलेंगी। वहीं इन ड्रोन के जरिए प्रशासन बहुत ही ज्यादा ऊंचाई से बिना किसी को पता चले हर गतिविधि पर नजर रखेगा।
इन ड्रोन के जरिए नक्सली गतिविधियों पर रोक लगाना और ड्रोन के माध्यम से ही ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह से सुचारू करना भी आसान हो जाएगा। बिहार सरकार इसी दिशा में काम कर रही है। बिहार कैबिनेट ने पुलिस आधुनिकरण के इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस तरह के कुल 50 हाईटेक ड्रोन खरीदे जाएंगे, जिसमें 24 करोड़ 50 लाख रुपयों की राशि खर्च की जाएगी। इन ड्रोन के माध्यम से भीड़ नियंत्रण, यातायात नियम उल्लंघन की निगरानी करना, दियारा नदी क्षेत्र में और नक्सली विरोधी गतिविधियों पर लगाम लगाना और क्राइम के बाद फौरन अपराधियों का पता लगाना आसान हो जाएगा।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगातार इस बात को कह रहे हैं कि बिहार पुलिस को पूरी तरह से संसाधनों से सुदृढ़ किया जाएगा, उस दिशा में यह एक महत्वपूर्ण प्रयास है। बिहार में कई ऐसे दुर्गम क्षेत्र है जहां पर पुलिस की पहुंच नहीं है। वहां पर गश्त से लेकर एक्शन तक में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन ड्रोन के माध्यम से उन क्षेत्रों की सतत निगरानी की जाएगी और उस क्षेत्र में भी पूरी तरह से नक्सली गतिविधियों को रोका जाएगा। साथ ही साथ कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। खासतौर पर राज्य के नदियों वाले क्षेत्रों और पहाड़ी इलाकों में इन ड्रोन से काफी सहायता मिलेगी।