नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शांता नर्सिंग इंस्टीट्यूट, जसोइया, BIADA, औरंगाबाद में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान परिसर में राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का माहौल देखने को मिला।
समारोह में संस्थान की चेयरपर्सन डॉ. शोभा रानी सिन्हा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी। कार्यक्रम में C.D.O. औरंगाबाद डॉ. रवि रंजन, प्राचार्य अमृता कुमारी, उप प्राचार्य ज्योत्सना नाथ, ट्यूटर अर्चना कुमारी एवं अवनीश कुमार सहित संस्थान के शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरे वातावरण को देशभक्ति एवं उत्साह से भर दिया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने तथा राष्ट्रहित में सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के त्याग और संघर्ष की याद दिलाता है। उनके बलिदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। समारोह का समापन देशभक्ति के नारों के साथ हुआ।