नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, औरंगाबाद के स्टार्टअप सेल द्वारा विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर स्केल-अप एवं मार्केट एक्सेस” विषय पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं नवोदित उद्यमियों को उद्यमिता, नवाचार, बाजार तक पहुंच एवं स्टार्टअप विस्तार के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत मणि, जिला उद्योग केंद्र, औरंगाबाद के महाप्रबंधक संजीव कुमार, स्टार्टअप सेल इंचार्ज प्रो. आनंद राज, कोऑर्डिनेटर आनंद कुमार तथा विभिन्न सफल स्टार्टअप संस्थापकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
अपने स्वागत संबोधन में प्राचार्य डॉ. प्रशांत मणि ने कहा कि आज के युग में उद्यमिता केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं बल्कि रोजगार सृजन का सशक्त उपकरण बन चुकी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नवाचार आधारित सोच विकसित करने तथा स्टार्टअप संस्कृति को अपनाने का आह्वान किया।
संजीव कुमार, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, औरंगाबाद ने बिहार सरकार एवं उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि युवाओं को सरकारी सहायता एवं प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने विचारों को सफल उद्यम में परिवर्तित करना चाहिए।
स्टार्टअप सेल इन्चार्ज प्रो. आनंद राज ने अपने संबोधन में कॉलेज की स्टार्टअप गतिविधियों, उपलब्धियों एवं बिहार स्टार्टअप नीति के अंतर्गत विद्यार्थियों को उपलब्ध अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, औरंगाबाद का स्टार्टअप सेल निरंतर छात्रों को नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रहा है और आने वाले समय में अधिक से अधिक स्टूडेंट स्टार्टअप्स को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखता है।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विभिन्न सफल उद्यमियों द्वारा साझा की गई उनकी स्टार्टअप जर्नी रही, जिसमें उन्होंने अपने संघर्ष, चुनौतियों, सीख एवं सफलता के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए।