ईद-मिलादुन्नबी पर अमन-चैन और खुशहाली की मांगी दुआ, सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही पुलिस
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
कौआकोल। पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब के जन्म दिवस के अवसर पर बुधवार को कौआकोल प्रखंड क्षेत्र में ईद-मिलादुन्नबी का पर्व धूमधाम और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समाज के लोगों ने मोहम्मदी जुलूस निकालकर अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी।
पैगम्बर साहब के जन्मदिन पर जोगाचक गांव से मोहम्मदी जुलूस निकाला गया। जुलूस में कौआकोल, टिकोडीह, बिझो, सोखोदेवरा, पहाड़पुर सहित प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों गांवों से मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए। जुलूस में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, पुरुष और बच्चों की भागीदारी रही।
जुलूस जोगाचक गांव से निकलकर कौआकोल बाजार होते हुए ब्लॉक मोड़ पहुंचा। वहां से जुलूस बिझो गांव की ओर रवाना हुआ, जहां पहुंचकर इसका शांतिपूर्ण ढंग से समापन किया गया। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद-मिलादुन्नबी की बधाई दी।
मौके पर लोगों ने पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया तथा समाज में प्रेम, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
जुलूस में शमीम, मुजफ्फर अंसारी, नूर तालिब, महबूब आलम, मनावर हुसैन, सरफराज आलम, आशिक अली, शहनवाज आलम, मुर्शिद आलम, नसीम उद्दीन, इकबाल, निसार उद्दीन, गफ्फार उद्दीन, शमशाद आलम, नईम उद्दीन और अब्दुल हुसैन समेत कई प्रमुख लोग शामिल रहे।
वहीं, जुलूस को लेकर कौआकोल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह दल-बल के साथ जुलूस के दौरान मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। पुलिस की निगरानी में मोहम्मदी जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।