सांसद ने सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जताया भरोसा, चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को दिया धन्यवाद
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर। काराकाट सांसद राजाराम सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पीठ की गांठ का सफल ऑपरेशन कराया। सर्जन डॉ. विक्रम मेहता ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनमोल कुमार की मौजूदगी में ऑपरेशन किया। इस दौरान लिपिक अंकित कुमार भी मौजूद रहे।
ऑपरेशन के बाद सांसद राजाराम सिंह ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि डॉ. विक्रम मेहता और डॉ. अनमोल कुमार ने मिलकर उनका सफल ऑपरेशन किया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए यहां अपना ऑपरेशन कराने का निर्णय लिया।
सांसद ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और चिकित्सक पूरी जिम्मेदारी के साथ मरीजों का इलाज कर रहे हैं। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को सफल ऑपरेशन के लिए बधाई देते हुए धन्यवाद दिया।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आगे भी क्षेत्र की जनता को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता रहेगा। सांसद ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में अच्छी चिकित्सा सुविधा मिलने से आम लोगों को काफी लाभ होगा और इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
सांसद के स्वयं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर ऑपरेशन कराने को सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ाने वाला सकारात्मक संदेश माना जा रहा है। इससे क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
मौके पर काराकाट सांसद प्रतिनिधि पिंटू सिंह, सांसद के निजी सचिव नरेंद्र कुमार, भाकपा माले के प्रखंड सचिव चंद्रमा पासवान, लिपिक अंकित कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।