यात्रा के नौवें दिन धनबाद पहुंचा अभियान, भर्ती घोटाले में बड़े नेताओं और अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। झारखंड में भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार की मांग को लेकर छात्र नेता देवेंद्र महतो की ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ मंगलवार को धनबाद पहुंची। यात्रा के नौवें दिन धनबाद पहुंचे देवेंद्र महतो ने बिनोद बिहारी महतो के आवास पर मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान को पूरे राज्य में व्यापक समर्थन मिल रहा है और यह केवल उनकी नहीं, बल्कि झारखंड के युवाओं की आवाज है।
देवेंद्र महतो ने कहा कि युवाओं को नौकरी उनकी योग्यता और क्षमता के आधार पर मिलनी चाहिए, न कि पैसे या किसी अन्य प्रभाव के आधार पर। उन्होंने शिक्षाविद बिनोद बिहारी महतो के ‘पढ़ो और लड़ो’ के संदेश का उल्लेख करते हुए युवाओं से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने की अपील की।
उन्होंने दावा किया कि संथाल परगना के विभिन्न जिलों में युवाओं ने इस आंदोलन को उसके अंजाम तक पहुंचाने का आग्रह किया है। देवेंद्र महतो ने कहा कि भर्ती व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों के मामले में केवल छोटे स्तर के लोगों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। बड़े नेताओं और अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोगों ने नौकरी को लेकर व्यवस्था को प्रभावित करने का काम किया है। हालांकि, इन आरोपों पर सरकार की ओर से प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
देवेंद्र महतो ने बताया कि राज्य के 24 में से 12 जिलों में यात्रा पूरी हो चुकी है। धनबाद में बलियापुर स्थित बिनोद धाम से यात्रा शुरू होकर किसान चौक, मनिंद्र चौक होते हुए रणधीर वर्मा चौक तक पदयात्रा प्रस्तावित है। इसके बाद पुटकी और प्रभु चौक में लोगों से संवाद कर यात्रा बोकारो के लिए रवाना होगी।
भर्ती व्यवस्था में सुधार और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर शुरू हुई यह यात्रा अब राज्यव्यापी अभियान का रूप लेती नजर आ रही है। धनबाद के बाद बोकारो समेत अन्य जिलों में भी युवाओं को इस अभियान से जोड़ने की तैयारी है।