तटवर्ती गांवों में अलर्ट, जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से पुनपुन नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब दो मीटर ऊपर पहुंच गया है। खतरे का निशान 50.60 मीटर है, जबकि मंगलवार को नदी 52.14 मीटर के जलस्तर पर बह रही थी। जलस्तर में प्रति घंटे करीब 2.5 से 3 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
जलस्तर बढ़ने से मसौढ़ी, धनरूआ, पुनपुन और नौबतपुर प्रखंड के तटवर्ती गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
अंचलाधिकारी और थाना प्रभारियों को लगातार जलस्तर की निगरानी का निर्देश दिया गया है। बाढ़ राहत शिविर, नाव, पॉलीथीन शीट, दवा और सूखा राशन की व्यवस्था के साथ कटाव निरोधी कार्यों की तैयारी तेज कर दी गई है। लाउडस्पीकर के माध्यम से ग्रामीणों को भी जागरूक किया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।