बिहार का हक मारकर नहीं हो सकती कोई जल संधि: संजय कुमार झा
बेताब अहमद/मदन कुमार
डेहरी ऑन सोन, रोहतास। फरक्का जल संधि से बिहार को हो रहे नुकसान के विरोध में जदयू के ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया है। इस अवसर पर जदयू के वरिष्ठ नेता व जाने-माने चिकित्सक डॉ. निर्मल कुशवाहा ने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा से उनके आवास पर भेंट की। डॉ. कुशवाहा ने उन्हें बुके देकर सम्मानित किया तथा बिहार के जल-अधिकारों के लिए उठाई गई इस मुखर पहल की शुरुआत पर बधाई दी।
पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने दो टूक कहा है कि वर्ष 1996 में भारत और बांग्लादेश के बीच हुई फरक्का जल संधि ने बिहार को सिर्फ नुकसान दिया है और अब इसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। संजय कुमार झा ने स्पष्ट किया है कि इस पुरानी और नुकसानदेह संधि का नवीनीकरण बिल्कुल नहीं होना चाहिए। भविष्य में जल बंटवारे को लेकर होने वाली हर संधि में बिहार की साल 2050 तक की दीर्घकालिक जल जरूरतों को प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर रखना होगा।
जदयू सलाहकार समिति के सदस्य एवं शाहाबाद क्षेत्र के डॉक्टर निर्मल कुशवाहा और अन्य नेताओं की मौजूदगी में शुरू हुआ यह ‘नीतीश संवाद’ अभियान अब राज्यभर के लोगों को उनके जल अधिकारों के प्रति जागरूक करेगा। मौके पर जदयू नेता दीपक निषाद, गुड्डू पटेल, मुन्ना कुशवाहा, अनिल कुमार सहित कई कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।