नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पुनपुन नदी के बढ़े जलस्तर का असर अब पुनपुन टाउन तक पहुंच गया है। शहर के जाहिदपुर मोहल्ले में बाढ़ का पानी फैलने से दो दर्जन से अधिक घरों के लोग जलकैदी बन गए हैं। घरों के चारों ओर कमर भर तक पानी जमा होने के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। मजबूरी में लोग घरों में ही रहने को विवश हैं।
आवागमन के लिए स्थानीय लोगों ने चचरी पुल के साथ-साथ टायर और लकड़ी से जुगाड़ नाव तैयार की है। लोग रस्सी के सहारे इस जुगाड़ नाव को खींचकर पानी पार कर बाजार पहुंच रहे हैं और जरूरी सामान लेकर वापस घर लौट रहे हैं। बाढ़ के कारण पूरे इलाके में भय और परेशानी का माहौल है।
बताया जाता है कि पुनपुन प्रखंड की पांच पंचायतें पहले से ही बाढ़ की चपेट में हैं। अब धीरे-धीरे पुनपुन शहर के कई मोहल्लों में भी बाढ़ का पानी फैलने लगा है। जाहिदपुर में चारों ओर पानी ही पानी नजर आ रहा है। स्थानीय लोग बाढ़ से राहत और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।