नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। थाना से महज कुछ दूरी पर जेपी रोड स्थित लखीबाग मोहल्ले में बुधवार को दिनदहाड़े फायरिंग और पथराव से दहशत फैल गई। पीड़ित परशुराम प्रसाद ने दो दर्जन से अधिक हथियारबंद युवकों पर घर में घुसकर पथराव, फायरिंग और लाखों रुपये के जेवरात लूटने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार ने सुरक्षा की गुहार लगाई है।
परशुराम प्रसाद, पिता राजेंद्र प्रसाद, ने बताया कि शाम करीब चार बजे हथियारों से लैस युवक उनके घर में घुस आए। आरोप है कि पहले घर पर पथराव किया गया, फिर कई राउंड हवाई फायरिंग की गई। उस समय घर में मौजूद तीन महिलाएं डर के कारण घर के कोने में दुबक गईं। पीड़ित के अनुसार, आरोपी जेवरात लेकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि घटना के समय वह और उनकी पत्नी शर्मिला देवी दूसरे घर में थे। घर में उनकी बच्ची और पुतोहु मौजूद थीं। परशुराम प्रसाद का आरोप है कि करीब 10 दिन पहले भी घर के पास मारपीट, गाली-गलौज और फायरिंग की घटना हुई थी, जिसकी लिखित शिकायत थाने में दी गई थी। उनका कहना है कि कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मसौढ़ी पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, पीड़ित परिवार ने आरोपियों से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है।