नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस-2026 एवं ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर वैशाली जिले में 9 से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जिला पदाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह के निर्देशन में जीविका वैशाली की दीदियां राष्ट्रीय ध्वज तैयार करने में जुटी हैं।
जीविका समूहों से जुड़ी महिलाएं उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ तिरंगा निर्माण कर रही हैं। उनके इस प्रयास से अभियान के उद्देश्य को धरातल पर साकार करने के साथ महिला स्वावलंबन एवं आर्थिक सशक्तीकरण को भी बढ़ावा मिल रहा है।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए आवश्यक राष्ट्रीय ध्वजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में जीविका दीदियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। महिलाएं समूह के रूप में तिरंगा तैयार कर रही हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता बढ़ रही है।
तिरंगा निर्माण के दौरान राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। महिलाएं कटाई, सिलाई सहित अन्य आवश्यक कार्य सामूहिक रूप से पूरा कर रही हैं।
जीविका दीदियों का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व के लिए तिरंगा तैयार करना उनके लिए रोजगार के साथ गौरव और सम्मान का विषय है। उनके हाथों से तैयार प्रत्येक तिरंगा स्वतंत्रता दिवस पर घर-घर राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाएगा।
जीविका की यह पहल महिला सशक्तीकरण और राष्ट्रभक्ति के दोहरे उद्देश्य को आगे बढ़ा रही है। इससे महिलाओं को अपने कौशल का उपयोग करने तथा सामूहिक रूप से कार्य कर आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं और अभियानों में जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होने के साथ सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभा सकें।
जिलाधिकारी के निर्देशन में प्रशासन ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है।