नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
डुमरिया। गया जिले के डुमरिया प्रखंड क्षेत्र के बतारसपुर गांव निवासी 24 वर्षीय मेराज अहमद, पिता मोहम्मद इकबाल अहमद, प्रेम प्रसंग के मामले में शादी की बात नहीं बनने से परेशान होकर सुबह करीब 5 बजे चढ़ढ़ा पोखरपुर गांव स्थित मोबाइल टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर चढ़ गया। मेराज ने टावर पर चढ़ने के बाद सोशल मीडिया पर अपना वीडियो पोस्ट किया, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वीडियो के माध्यम से वह अपने माता-पिता और परिजनों से गुहार लगाता नजर आया।
इस दौरान वैसा ही दृश्य देखने को मिला, जैसा फिल्म ‘शोले’ में वीरू बसंती के लिए टावर पर चढ़कर गांव वालों के सामने अपनी बात मनवाने की कोशिश करता है। उसी अंदाज में 24 वर्षीय मेराज भी टावर के ऊपर चढ़कर अपने परिजनों और ग्रामीणों से अपनी बात मनवाने की गुहार लगाता नजर आया। घटना की सूचना मिलते ही बोधी बीघा थाना अध्यक्ष प्रियंदन आलोक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी देर तक युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। इसके साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी मेराज को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया।
काफी प्रयास के बाद मेराज को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया। इस दौरान महुड़ी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि श्री राम वर्मा, सरपंच रामबली पासवान, पूर्व मुखिया मनोज पासवान, गौतम प्रकाश, ज्ञान एवं डॉ. कैलाश प्रसाद समेत कई लोगों ने युवक को समझाने और उसकी जान बचाने में सहयोग किया। बताया जा रहा है कि मेराज पिछले करीब तीन वर्षों से नौडीहा थाना क्षेत्र के सराईडीह गांव की रहने वाली एक युवती से प्रेम करता था। शादी को लेकर बात नहीं बनने के बाद उसने यह कदम उठाया। घटना के दौरान मेराज के माता-पिता और परिजन भावुक होकर उसे नीचे उतरने की लगातार गुहार लगाते रहे।
पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से आखिरकार युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने इस पूरी कार्रवाई में पुलिस और सहयोग करने वाले लोगों की सराहना की।