बीस सूत्री की बैठक में निर्णय पर नहीं हो रहा अमल
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। प्रखंड बीस सूत्री की बैठक अध्यक्ष दीपक पटेल की अध्यक्षता में शनिवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर स्थित सभागार में हुई। बतौर सचिव प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद जफर इमाम ने बैठक का संचालन किया। अंचल अधिकारी शैलेंद्र कुमार यादव समेत कई विभागों के अधिकारी के साथ बीस सूत्री के उपाध्यक्ष श्याम कुमार पाठक, सदस्य रंजन वर्मा, अवधेश पासवान, रंजीत शर्मा, रंजीत कुशवाहा, राकेश पांडेय, डॉक्टर दिनेश वर्मा, यमुना सिंह, सीमन कुमारी, संजय शर्मा, प्रशांत तांती, शशि कुमार उपस्थित रहे।

सदस्यों ने मामला उठाया कि आशा बहाली में अनियमितता बड़े पैमाने पर की जा रही है। बहाल आशा को डेढ़ साल से नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया है। कोशिश यह की जा रही है कि दूसरे स्थान पर आने वाले महिला को बतौर आशा कार्यकर्ता नियुक्त कर दिया जाए। बाल विकास परियोजना से संबंधित मामलों पर सदस्यों ने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों के निरीक्षण की जरूरत है। कई जगह अनियमितता बरती जा रही है।
सेविका बताती है कि उन्हें पोषाहार कम आपूर्ति होती है। अध्यक्ष दीपक पटेल ने एक खबर के हवाले बताया कि सीडीपीओ को 5000 प्रति आंगनबाड़ी केंद्र रिश्वत मिलता है। खाद की कालाबाजारी व आपूर्ति, बिजली विभाग, पुलिस, पशुपालन विभाग, पीएचईडी से संबंधित कई सवाल सदस्यों ने उठाया। यह भी कहा गया कि बीस सूत्री की बैठक में जो निर्णय लिया जाता है, उस पर अधिकारी अमन नहीं करते। कई अधिकारी बैठक में आते नहीं है, उनके विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।
कहा गया कि माननीय शब्द पत्र में इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन माननीय को महत्व नहीं दिया जाता। अधिकारी मनमानी करते हैं। बैठक में सदस्यों की तरफ से यह भी कहा गया कि जो अधिकारी नहीं आ रहे हैं उनके विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए। बैठक के कार्यवाही सभी सदस्यों को ससमय उपलब्ध कराया जाना चाहिए। सचिव सह प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद जफर इमाम ने कहा कि बैठक के तत्काल बाद कार्यवाही पंजी की प्रति सभी सदस्यों को उपलब्ध करा दिया जाएगा। अंचल अधिकारी शैलेन्द्र यादव ने भूमि विवादों को लेकर सदस्यों द्वारा उठाये गए सवालों पर जवाब दिया।