नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। पितृपक्ष महोत्सव के अवसर पर जम्होर स्थित पुनपुन नदी तट पर पिंडदान एवं तर्पण के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम धार्मिक अनुष्ठान को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नदी तट पर टेंट एवं शेड की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
पितृपक्ष के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए नदी तट एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वच्छता एवं साफ-सफाई सुनिश्चित की जा रही है। श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था के साथ-साथ रात्रि एवं अन्य समय में आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रकाश व्यवस्था भी की गई है।
इसी क्रम में विधायक, औरंगाबाद त्रिविक्रम नारायण सिंह एवं जिलाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा द्वारा पुनपुन नदी तट पर पहुंचकर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान दोनों ने विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक एवं जिलाधिकारी द्वारा मौके पर उपस्थित श्रद्धालुओं से भी वार्तालाप कर उनकी सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली गई। श्रद्धालुओं से यह भी जाना गया कि पिंडदान एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान के दौरान उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई तो नहीं हो रही है।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
जिला प्रशासन द्वारा पितृपक्ष महोत्सव के दौरान आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं एवं दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए स्वच्छता बनाए रखने एवं शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में अपने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करने में सहयोग करें।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि पितृपक्ष महोत्सव में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुविधाजनक, सुरक्षित, स्वच्छ एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।