नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखा जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसकी घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे के दौरान इस पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री 21 नवंबर को बिहार पहुंचेंगे। इस अवसर पर वे पटना और वैशाली को जोड़ने वाले छह लेन के पुल का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वैशाली जिले के राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कई जनकल्याणकारी और विकास परियोजनाओं का शिलान्यास तथा उद्घाटन भी करेंगे।
4,988 करोड़ रुपये की लागत से बना पुल
कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर पुल की कुल लंबाई 19.76 किलोमीटर है। इसके निर्माण पर लगभग 4,988 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। लार्सन एंड टुब्रो और दक्षिण कोरिया की कंपनी दायू के संयुक्त उपक्रम ने इसका निर्माण किया है। इस पुल के शुरू होने से पटना और वैशाली के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग 20 से 25 मिनट रह जाएगा। यह राष्ट्रीय राजमार्ग-31 और राष्ट्रीय राजमार्ग-32 के बीच महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग भी उपलब्ध कराएगा। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होने के साथ क्षेत्र में विकास और व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के एक साल पूरे होने के अगले दिन प्रधानमंत्री का यह दौरा हो रहा है। सरकार 20 नवंबर को अपना एक साल का कार्यकाल पूरा करेगी।
शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की पहल
इस बीच, बिहार सरकार ने विद्यार्थियों की शिकायतों और सुझावों के लिए एक डिजिटल पोर्टल शुरू करने की पहल की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अनुसार, पोर्टल पर दर्ज प्रत्येक शिकायत का समाधान 30 दिनों के भीतर किया जाएगा। निर्धारित समय में समाधान नहीं होने पर मुख्यमंत्री स्तर पर हर महीने सहायता शिविर लगाया जाएगा। सरकार का लक्ष्य राज्य में आधुनिक शिक्षा और कौशल विकास के अवसर बढ़ाना है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।