नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। राज्य में किसान रबी सीजन की फसल का बीमा गुरुवार से करा सकते हैं। बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रबी 2026-27 फसल बीमा अवधि एक अक्टूबर से प्रारंभ होगी, जो 31 दिसंबर तक चलेगी। इस संबंध में निबंधक सहयोग समितियां शशि रंजन ने सभी जिला सहकारिता पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिलों में किसानों के फसल बीमा आच्छादन में कम-से-कम 10 प्रतिशत की वृद्धि सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत रबी सीजन के लिए झारखंड राज्य में गेहूं, चना, राई-सरसों एवं आलू फसलों को अधिसूचित किया गया है। इस अवधि में अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसे लेकर लैम्प्स-पैक्स, बैंक शाखाओं, कामन सेवा केंद्र, एफपीओ, किसान संगठन तथा उर्वरक एवं बीज विक्रेताओं सहित किसानों से जुड़े विभिन्न संस्थानों एवं माध्यमों के सहयोग से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
इन माध्यमों के जरिए किसानों को योजना की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराते हुए अधिकाधिक किसानों का फसल बीमा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। विशेष रूप से गैर-ऋणी किसानों तक योजना की जानकारी पहुंचाने तथा उन्हें फसल बीमा के दायरे में लाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।विभाग का उद्देश्य है कि व्यापक जन-जागरूकता एवं समन्वित प्रयासों के माध्यम से अधिक से अधिक किसान अपनी अधिसूचित रबी फसलों का बीमा कराएं और फसल को संभावित जोखिमों से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाली बीमा व्यवस्था से जुड़ सकें।