क्यूआर कोड स्कैन कर जुड़ सकेंगे आम नागरिक, सहायता के लिए जारी किए गए टोल फ्री नंबर
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
अरवल। बिहार सरकार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने आम लोगों तक विभागीय सूचनाएं और नवीनतम जानकारियां आसानी से पहुंचाने के लिए व्हाट्सएप चैटबॉट की सुविधा शुरू की है। इस डिजिटल पहल के माध्यम से अब लोग घर बैठे अपने मोबाइल पर विभाग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां और ताजा अपडेट प्राप्त कर सकेंगे।
विभाग की ओर से इस संबंध में जागरूकता पोस्टर जारी कर आम नागरिकों से व्हाट्सएप चैटबॉट से जुड़ने की अपील की गई है। इसके लिए विभाग ने क्यूआर कोड भी जारी किया है। नागरिक अपने मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर आसानी से चैटबॉट से जुड़ सकते हैं और विभागीय गतिविधियों एवं सूचनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
यह पहल राज्य सरकार के नशामुक्त बिहार अभियान के तहत की गई है। यह जागरूकता अभियान 27 अक्टूबर से 26 नवंबर तक संचालित किया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से मद्य निषेध से संबंधित सूचनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
विभाग ने किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 15545 और 1800 345 6268 भी जारी किया है। साथ ही आम लोगों से व्हाट्सएप चैटबॉट की सुविधा का लाभ उठाने और नशामुक्त बिहार अभियान से जुड़कर समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की गई है।