एक दिन-एक घंटा-स्वच्छता के नाम
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। नगर परिषद, औरंगाबाद द्वारा आज एक घंटे का श्रमदान अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आमजन को स्वच्छता कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करना रहा।
श्रमदान अभियान की शुरुआत पंचदेव मंदिर से की गई तथा स्वच्छता गतिविधियां रमेश चौक तक संचालित की गईं। अभियान के दौरान नगर क्षेत्र में साफ-सफाई एवं स्वच्छता से संबंधित कार्य करते हुए स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण का संदेश दिया गया।
इस अभियान में नगर परिषद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, समस्त पार्षदगण, कार्यपालक पदाधिकारी, स्वच्छता पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, कार्यालय कर्मियों, स्वच्छता साथियों एवं CRP की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और श्रमदान किया।
अभियान के माध्यम से उपस्थित लोगों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ औरंगाबाद के निर्माण में सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया।
जिला प्रशासन द्वारा आमजन से भी अपील की गई कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे नियमित व्यवहार का हिस्सा बनाया जाए। स्वच्छ शहर के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है।