15 नवंबर तक दोनों परियोजनाओं का काम पूरा करने का निर्देश, फिनिशिंग कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। दाउदनगर में निर्माणाधीन अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय भवन एवं पीओ आवास परियोजनाओं के निर्माण कार्य में तेजी लाने को लेकर जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने दोनों निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण कर कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंताओं को 15 नवंबर 2026 तक शेष कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय, दाउदनगर परिसर में निर्माणाधीन 10 कोर्ट भवन (जी+5) का निरीक्षण किया। इसके बाद परिसर में ही निर्माणाधीन 20 पीओ आवास (जी+5) का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि दोनों परियोजनाओं का स्ट्रक्चरल कार्य पूरा हो चुका है और वर्तमान में फिनिशिंग का काम चल रहा है।
जिलाधिकारी ने फिनिशिंग सहित शेष कार्यों की बारीकी से जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं को पूरी तरह तैयार करने की समय-सीमा के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि फिनिशिंग कार्य में तेजी लाई जाए तथा दोनों परियोजनाओं का शेष काम 15 नवंबर तक हर हाल में पूरा कराना सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं तकनीकी मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की निगरानी करने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कर शीघ्र उपयोग में लाने के लिए लगातार मॉनिटरिंग आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को कार्य की गति बनाए रखने के साथ-साथ निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी दाउदनगर अमित राजन, योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश एवं संबंधित कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा दोनों परियोजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।