जिला परिषद सदस्य राजकिशोर प्रसाद दांगी ने किया उद्घाटन, ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अकबरपुर (नवादा)। अकबरपुर प्रखंड के बकसंडा पंचायत अंतर्गत साहेबगंज टोला में 15वें वित्त आयोग की टाइड मद से 7 लाख 96 हजार 800 रुपये की लागत से नवनिर्मित छठ घाट का उद्घाटन रविवार को जिला परिषद सदस्य राजकिशोर प्रसाद दांगी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया। जिला परिषद की अनुशंसा पर योजना संख्या 21/2026-27 के तहत छठ घाट का निर्माण कराया गया है।
उद्घाटन समारोह में पहुंचने पर मोहम्मद मेराज खान एवं लक्ष्मण कुमार ने जिला परिषद सदस्य को बुके और अंगवस्त्र भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद ग्रामीणों की उपस्थिति में पूजा-अर्चना के साथ छठ घाट का विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य राजकिशोर प्रसाद दांगी ने कहा कि छठ घाट का निर्माण होने से साहेबगंज टोला सहित आसपास के ग्रामीणों को छठ महापर्व के दौरान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने में काफी सहूलियत होगी। ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के विकास के लिए आगे भी लगातार प्रयास जारी रहेगा।
छठ घाट के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए उपयोगी विकास कार्य बताते हुए प्रसन्नता जाहिर की।
मौके पर बहादुर यादव, संदीप कुमार, पूर्व उप प्रमुख जैनेंद्र राम, मोहम्मद शाहिद शाह, जयराम पांडेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।